बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर रील बनाना एक पुलिस आरक्षक को भारी पड़ गया। पुलिस यूनिफॉर्म में फिल्माए गए एक वीडियो के वायरल होते ही विभाग ने सख्त रुख अपनाया और संबंधित आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया। इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में अनुशासन और वर्दी की गरिमा बनाए रखने के कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
दरअसल यह, मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां पदस्थ आरक्षक देवानंद कैवर्त ने अपनी पत्नी के साथ ‘हैलो रानी, हाय रानी…’ गाने पर रील बनाई थी। खास बात यह रही कि, वीडियो पुलिस यूनिफॉर्म में शूट किया गया और बाद में उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया गया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद यह अधिकारियों की नजर में आ गया।
बता दे,वीडियो सामने आने के बाद इसे वर्दी के दुरुपयोग और अनुशासनहीन आचरण की श्रेणी में माना गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया। जांच के बाद पाया गया कि, वर्दी में इस तरह के मनोरंजनात्मक वीडियो बनाना विभागीय नियमों के खिलाफ है। इसी आधार पर एसएसपी रजनेश सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरक्षक देवानंद कैवर्त को मस्तूरी थाने से हटाकर रक्षित केंद्र, बिलासपुर अटैच करने का आदेश जारी किया। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार, आगे भी इस मामले में अतिरिक्त कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, वर्दी केवल एक ड्रेस नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और अनुशासन का प्रतीक होती है। ऐसे में उसका दुरुपयोग या गलत तरीके से प्रस्तुतीकरण विभाग की छवि को प्रभावित करता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस घटना के बाद पुलिस विभाग के भीतर भी साफ संदेश गया है कि सोशल मीडिया के दौर में भी नियमों और मर्यादाओं का पालन करना जरूरी है। खासकर वर्दी में रहते हुए किसी भी तरह की निजी या मनोरंजनात्मक गतिविधि से बचना चाहिए।फिलहाल यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

