खुले नाले में गिरा बाइक सवार, स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बची जान।

Follow Us

कोरबा। शहर के डीएम रोड स्थित साईं पैलेस के पास शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हुआ, जब एक बाइक सवार युवक खुले नाले में गिर गया। इस घटना में युवक घायल हो गया और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार, मुड़ापार निवासी ओम प्रकाश अपनी बाइक से डीएम रोड से गुजर रहे थे। साईं पैलेस के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर सीधे खुले नाले में जा गिरे। नाला काफी गहरा होने के साथ-साथ दलदल और कीचड़ से भरा हुआ था, जिससे युवक बाइक समेत उसमें फंस गया और मदद के लिए आवाज लगाने लगा। युवक की आवाज सुनकर आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पहले लोगों ने रस्सी की मदद से उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन नाले की गहराई और अधिक कीचड़ के कारण प्रयास सफल नहीं हो सका। इसके बाद मौके पर सीढ़ी मंगाई गई। सीढ़ी डालने पर उसका बड़ा हिस्सा भी दलदल में धंस गया, जिससे नाले में जमा कचरे और गाद की गंभीर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सका। काफी मशक्कत के बाद सीढ़ी के सहारे ओम प्रकाश को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में उसे चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर नाले खुले पड़े हैं और उनकी नियमित सफाई नहीं की जाती। वे आरोप लगाते हैं कि सफाई केवल कागजों तक सीमित है, जबकि जमीनी स्थिति बेहद खराब है। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि अगर समय पर मदद नहीं पहुंचती, तो यह हादसा और गंभीर हो सकता था। उन्होंने मांग की कि खुले नालों को तुरंत ढंका जाए और उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। इस घटना ने एक बार फिर नगर निगम की व्यवस्था और शहर की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।