बड़ा फैसला: सिंधु जल समझौते के बीच अब रावी नदी का पानी भी रोकेगा भारत

Follow Us

नई दिल्ली। भारत एक बार फिर पाकिस्तान को देगा करारा जवाब। सिंधु जल संधि को निलंबित करने के बाद अब भारत पाकिस्तान को दोहरा झटका देने की तैयारी में है। दरअसल भारत सरकार रावी नदी के भारत के हिस्से के जल को भी पाकिस्तान जाने से रोकने की योजना बना रही है। अगर ऐसा होता है तो गर्मी के मौसम में पाकिस्तान का जल संकट गहरा सकता है। शाहपुर कंडी बांध परियोजना लगभग पूरी हो चुकी है और यह परियोजना पाकिस्तान के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। आपको बता दें की सिंधु जल संधि समझौते के निलंबित होने के बाद पंजाब-जम्मू कश्मीर की सीमा पर बन रहे शाहपुर कंडी बांध के काम में तेजी आई है और अब यह प्रोजेक्ट पूरा होने के करीब है। वहीं जम्मू कश्मीर के मंत्री जावेद अहमद राना ने यह जानकारी दी। राना ने ये भी कहा कि जब शाहपुर कंडी बांध का काम पूरा हो जाएगा तो उसकी मदद से रावी नदी के भारत के हिस्से के अतिरिक्त पानी को पाकिस्तान की तरफ बहने से भी रोका जा सकेगा। रावी नदी के रोके गए अतिरिक्त पानी को सूखा प्रभावित कठुआ और सांबा जिलों की तरफ डायवर्ट किया जा सकेगा। शाहपुर कंडी बांध का काम 31 मार्च तक पूरा हो सकता है। जावेद अहमद राना ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘पाकिस्तान को जाने वाला अतिरिक्त पानी रोका जाएगा और ये रोका भी जाना चाहिए। कठुआ और सांबा जिले सूखाग्रस्त है और ये प्रोजेक्ट हमारी प्राथमिकता है, जो कंडी इलाके में बनाया जा रहा है।’