बांग्लादेश। बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के वरिष्ठ नेता और अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय से आने वाले गायेश्वर चंद्र रॉय ने ढाका-3 संसदीय सीट पर प्रभावशाली जीत दर्ज की है। सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, रॉय ने 99,163 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद शाहिनुर इस्लाम को पराजित किया। शाहिनुर इस्लाम जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार थे। यह जीत 1971 में स्वतंत्रता के बाद ढाका से चुने गए पहले हिंदू सांसद के रूप में दर्ज की गई है। आपको बता दें की रॉय की जीत ऐसे समय में आई है जब देश में हिंदू अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ कथित हमलों और उत्पीड़न की खबरें सामने आती रही हैं। दिसंबर में कट्टरपंथी युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद कई स्थानों पर तनाव की स्थिति बनी थी। भारत ने भी बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। ऐसे माहौल में एक हिंदू नेता का राजधानी क्षेत्र से जीतना राजनीतिक और सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, जमात-ए-इस्लामी द्वारा उतारे गए इकलौते हिंदू उम्मीदवार कृष्णा नंदी को खुलना-1 सीट से हार का सामना करना पड़ा। नंदी को 70,346 वोट मिले, जबकि बीएनपी के उम्मीदवार अमीर एजाज खान ने 1,21,352 वोट हासिल कर स्पष्ट जीत दर्ज की।
