दुर्ग। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा ने प्रख्यात गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि “यह सचमुच एक युग का अंत है।”
वोरा ने अपने शोक संदेश में कहा कि आशा भोसले ने अपने अद्वितीय स्वर और बहुमुखी प्रतिभा से देश को अमूल्य संगीत विरासत दी है। उनके गीत आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “देश को इतना समृद्ध संगीत देने के लिए हम उनके सदैव ऋणी रहेंगे। उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो पाएगी।”
वोरा ने यह भी बताया कि उनके परिवार के आशा भोसले के साथ पारिवारिक संबंध रहे हैं, जिससे यह क्षति उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत दुखद है। इस अवसर पर उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने पूज्य पिता एवं वरिष्ठ राजनेता मोतीलाल वोरा की आशा भोसले के साथ एक पुरानी तस्वीर भी साझा की। यह तस्वीर उस समय की है जब मोतीलाल वोरा उत्तर प्रदेश के राज्यपाल थे। इस भावुक स्मृति को साझा करते हुए अरुण वोरा ने महान गायिका के साथ बिताए गए पलों को याद किया और भारतीय संगीत में उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया।
अंत में उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
