रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है, जहां नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार दुर्गा उसरे को निलंबित कर दिया गया है। उन पर निजी नर्सिंग कॉलेजों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मान्यता देने, वित्तीय अनियमितताओं और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप हैं। विभागीय जांच में प्राथमिक रूप से आरोप सही पाए जाने के बाद शासन ने यह कार्रवाई की है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
विभागीय जांच में सामने आया कि निजी नर्सिंग कॉलेजों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रस्तावित किया गया और मान्यता देने की प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताएं की गईं। साथ ही शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाने, तथ्यों को छुपाकर भ्रामक जानकारी प्रस्तुत करने और नियमों के विपरीत कार्य करने जैसे गंभीर आरोप भी पाए गए। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि अपने पद का दुरुपयोग किया गया, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से उन्हें पद से हटा दिया गया।

निलंबन आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान दुर्गा उसरे को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। यह प्रावधान छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत लागू होता है। फिलहाल उन्हें रायपुर स्थित सीएमएचओ कार्यालय में अटैच किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
