रायपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने राजधानी रायपुर में एक बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम देते हुए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) के एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से RTO कार्यालय में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान डेटा एंट्री ऑपरेटर शोभा राम देवांगन के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि, उसने एक फाइनेंस वाहन का नाम ट्रांसफर कराने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित द्वारा इसकी शिकायत ACB से किए जाने के बाद टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।
बता दें ,ACB की टीम ने पूरी तैयारी के साथ कार्रवाई करते हुए जैसे ही आरोपी ने 14 हजार रुपये की रिश्वत ली, उसे मौके पर ही पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि, वह चोला मंडलम फाइनेंस की गाड़ी के दस्तावेज तैयार करने के नाम पर पैसे वसूल रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ACB अधिकारी अब यह भी जांच कर रहे हैं कि, इस मामले में और कौन-कौन शामिल है तथा क्या यह एक संगठित भ्रष्टाचार का हिस्सा है। इस कार्रवाई के बाद RTO दफ्तर में अफरा-तफरी का माहौल है और अन्य कर्मचारियों में भी दहशत देखी जा रही है। ACB ने साफ संकेत दिए हैं कि, भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
