टावर पर चढ़ा युवक, नीचे खड़ी रही भीड -घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

Follow Us

जगदलपुर। शहर के धरमपुरा रोड पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। यह घटना धरमपुरा स्थित विशाल मेगामार्ट के पास की बताई जा रही है, जहां दीपक विश्वकर्मा नाम का युवक ऊंचे टावर पर पहुंच गया और नीचे उतरने से इनकार करने लगा। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास का इलाका घेर लिया गया और लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया गया। वहीं, युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस द्वारा लगातार समझाइश दी जाती रही।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। युवक को भोपाल का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने संयम के साथ बातचीत कर उसे शांत करने की कोशिश की, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।घटना के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे स्थिति और भी संवेदनशील हो गई। पुलिस ने भीड़ को दूर रखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा और हर संभव प्रयास किया कि युवक को सुरक्षित नीचे लाया जा सके। काफी देर तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद हालात धीरे-धीरे नियंत्रण में लाए गए। प्रशासन का कहना है कि, ऐसे मामलों में धैर्य और संवाद ही सबसे बड़ा समाधान होता है। फिलहाल युवक की काउंसलिंग कर उसे सामान्य स्थिति में लाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।