कूड़े के ढेर में सूटकेस के अंदर मिला महिला का शव, फिर इस तरह की घटना आई सामने

Follow Us

चंदौली। चंदौली जिले की एक युवती की मेन रामपुर चौराहा के पास कूड़े के ढेर में लाल रंग के ट्रॉली बैग से शव बरामद हुआ है। जहां महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को प्लास्टिक बोरे में पैक कर टेप से लपेटा गया था। वहीं पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और की गई और सबूत मिटाने के इरादे से शव को यहां फेंका गया। पुलिस हत्या की जांच में जुट गई है। वहीं लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। आपको बता दें कि सफाईकर्मी कचरा उठाने पहुंचे तो बंद ट्रॉली बैग से दुर्गंध आई। तभी सूचना पर स्थानीय लोग जुटे और पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने बैग खोला तो अंदर महिला की लाश देख लोगों के होश उड़ गए। शव को इस कदर मोड़कर पैक किया गया था कि गर्दन और घुटने एक साथ बंधे मिले। वहीं करीब पांच घंटे बाद मृतका की पहचान मेहरून खातून 25 के रूप में हुई। वह उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सकलडीहा क्षेत्र के बरठी गांव की रहने वाली थी। मेहरून की शादी वर्ष 2022 में रोहतास के डेहरी निवासी क्यामुद्दीन से हुई थी, जो पेशे से बिजली मिस्त्री है। दंपति का ढाई साल का एक बेटा भी है। वहीं मृतका की मां ने दामाद क्यामुद्दीन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, क्यामुद्दीन का अपनी मामी की बहन के साथ अवैध संबंध था, जिसका मेहरून विरोध करती थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। शुक्रवार रात क्यामुद्दीन ने फोन कर बताया था कि मेहरून घर छोड़कर चली गई है, लेकिन उसका शव सूटकेस में मिला। घटना के बाद से आरोपी पति ढाई साल के बेटे को लेकर फरार बताया जा रहा है। डेहरी एसडीपीओ गौरव कुमार यादव ने बताया कि घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।