चलती मालगाड़ी दो हिस्सों में बंटी: कपलिंग टूटने से 25 डिब्बे अलग, समय रहते टला बड़ा हादसा

Follow Us

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-कटनी रेल सेक्शन पर रविवार शाम एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब कोयले से लदी एक मालगाड़ी अचानक दो हिस्सों में बंट गई। घटना पेंड्रारोड और वेंकटनगर स्टेशन के बीच खैरझीटी बैरियर के पास हुई, जिससे रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, अनूपपुर की ओर जा रही मालगाड़ी की कपलिंग अचानक टूट गई, जिसके चलते इंजन से जुड़े करीब 25 डिब्बे अलग होकर पीछे छूट गए। हालांकि, लोको पायलट की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से स्थिति तुरंत नियंत्रण में आ गई। समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाए जाने के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद रेल पटरी पर मालगाड़ी दो हिस्सों में खड़ी नजर आई। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। काफी प्रयास के बाद सभी डिब्बों को सुरक्षित रूप से दोबारा जोड़ा गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि, कपलिंग टूटने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद मालगाड़ी को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन बाद में संचालन सामान्य कर दिया गया। यात्रियों और रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली कि, समय रहते बड़ा हादसा टल गया।