70 वार्ड अध्यक्षों की बैठक में संगठन मजबूती पर जोर, वार्ड एवं बूथ स्तर पर कमेटी गठन के निर्देश

Follow Us

रायपुर । शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आज कांग्रेस भवन, गांधी मैदान में रायपुर शहर के अंतर्गत आने वाले 70 नवनियुक्त वार्ड अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी नव नियुक्त वार्ड अध्यक्षों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया तथा उन्हें संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य रूप से वार्ड स्तर पर कांग्रेस संगठन को सशक्त बनाने, वार्ड कमेटी एवं बूथ कमेटियों के गठन को प्राथमिकता देने तथा प्रत्येक बूथ तक पार्टी की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सभी वार्ड अध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे अपने अपने वार्ड में शीघ्रता से वार्ड कमेटी एवं बूथ कमेटियों का गठन कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें।

इस दौरान संगठन विस्तार, आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि सभी नवनियुक्त वार्ड अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ हैं और संगठन को मजबूती देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का उद्देश्य जनता की आवाज बनना है और इसके लिए वार्ड एवं बूथ स्तर पर मजबूत संगठन का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएं एवं आम जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं।

शहर कांग्रेस कमेटी के प्रभारी अरुण वोरा ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत यह बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और जब तक बूथ स्तर तक संगठन मजबूत नहीं होगा, तब तक पार्टी का विस्तार संभव नहीं है। उन्होंने सभी वार्ड अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर संगठन को नई ऊर्जा दें और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं।

इस दौरान पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा कन्हैया अग्रवाल श्रीनिवास बंशी कन्नौजे अविनय दुबे प्रवीण चंद्राकर देवकुमार साहू हीरेंद्र देवांगन मिलिंद गौतम अर्जुमन ढेबर सुधा सरोज कमल धृतलहरे सुयश शर्मा सुजीत सिह विनोद ठाकुर राज देवांगन जसबीर ढिल्लन सुशांत डे सहित सभी वार्ड अध्यक्ष उपस्थित थे।