डॉक्टर’ बनकर महिलाओं से 88 हजार की ऑनलाइन ठगी, मातृ वंदना योजना के नाम पर बड़ा फ्रॉड

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में साइबर ठगों ने एक बार फिर सरकारी योजनाओं के नाम पर महिलाओं को निशाना बनाया है। इस बार ठग ने खुद को सिम्स अस्पताल का डॉक्टर बताकर मातृ वंदना योजना की राशि दिलाने का झांसा दिया और कई महिलाओं के बैंक खातों से कुल 88,400 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पीड़ित महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

दरअसल, यह मामला ग्राम भेड़ीमुड़ा का है, जहां स्वास्थ्य मितानिन के रूप में कार्यरत चंचल कश्यप, ममता कश्यप और आकांक्षा कश्यप समेत कई महिलाएं ठगी का शिकार बनीं। 9 अप्रैल को एक अज्ञात कॉलर ने उमादेवी कश्यप को फोन कर खुद को जिला अस्पताल से जुड़ा अधिकारी बताया और मितानिनों की जानकारी हासिल की। इसके बाद उसने महिलाओं से कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए बातचीत की और भरोसा जीत लिया।

आपको बता दें,ठग ने चंचल कश्यप से पूछा कि, क्या उन्हें 6 हजार रुपये मातृत्व वंदना योजना की राशि मिली है। जब महिला ने इनकार किया तो आरोपी ने कहा कि, खाते में पहले 5 हजार रुपये जमा करो, तभी योजना की राशि जारी होगी। भरोसे में आकर महिला ने पैसे जमा किए, जिसके तुरंत बाद उसके खाते से 5,700 रुपये गायब हो गए।

इसी तरह ममता कश्यप को पैन कार्ड लिंक करने के बहाने झांसे में लिया गया और उसके खाते से 2,700 रुपये निकाल लिए गए। वहीं आकांक्षा कश्यप के खाते से ठग ने बैंक विवरण लेकर 8 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में करीब 80,000 रुपये ट्रांसफर कर लिए। इस पूरी घटना से गांव की महिलाओं में दहशत फैल गई है और पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।