रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने एक बड़े चेन स्नैचिंग गैंग का भंडाफोड़ किया है, जो लग्जरी इनोवा कार में घूम-घूमकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाता था। इस गिरोह में 7 महिलाएं और एक ड्राइवर शामिल हैं, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के कई शहरों में वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि, सभी महिला आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और सुनियोजित तरीके से बाजारों, मेलों और भीड़ वाले स्थानों पर वारदात करती थीं। वे मौका देखते ही महिलाओं के गले से सोने की चेन झपट लेती थीं और फिर फरार हो जाती थीं। बाद में लूटी गई ज्वेलरी को महाराष्ट्र के जलगांव स्थित सराफा बाजार में बेच दिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में संध्या सकटे, सोनिया हातागले, साखरा बाई, ज्योति सकटे, सरिता ज्वरे, सपना हातागले और उज्वला हातागले सहित ड्राइवर अभय हातागले शामिल हैं। सभी आरोपी मूल रूप से इंदौर (राजेंद्रनगर) और जलगांव क्षेत्र से संबंधित बताए जा रहे हैं। इस गिरोह के खिलाफ डीडी नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक शिकायत के बाद जांच तेज की गई थी। 8 अप्रैल को चंगोराभाठा बाजार में एक महिला के गले से चेन लूट की घटना के बाद पुलिस ने विशेष ट्रैप टीम बनाई। जांच के दौरान 26 मार्च की रायपुरा और गोलबाजार क्षेत्र की घटनाएं भी इसी गिरोह से जुड़ी पाई गईं।
डीसीपी क्राइम स्मृति राजनाला ने बताया कि, 15 सदस्यीय टीम ने तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर इस गिरोह को पकड़ा। आरोपियों के पास से सोने की एक चेन, 10,500 रुपये नकद, कटर, चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल इनोवा एसयूवी बरामद की गई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य पुराने मामलों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि, उन्होंने किन-किन शहरों में वारदातें की हैं।
