06 असामाजिक तत्व जेल निरुद्ध, 05 माह से फरार 02 आरोपी गिरफ्तार, 07 वारंटी जेल दाखिल तथा 13 चाकूबाजों सहित 03 अन्य आपराधिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही

Follow Us

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप मित्तल के नेतृत्व में आगामी होली पर्व के मद्देनज़र क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना तिल्दा-नेवरा, थाना धरसींवा एवं थाना विधानसभा पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

परिशांति भंग करने वाले 06 असामाजिक तत्व जेल निरुद्ध

थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के मोहभट्ठा पारा नेवरा, पुरानी बस्ती तिल्दा, सासाहोली एवं ग्राम टंडवा में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जबरन विवाद एवं मारपीट किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संबंधित व्यक्तियों को समझाने का प्रयास किया गया, किंतु वे उग्र होकर शांति भंग करने एवं मारपीट पर उतारू हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुल 06 आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल निरुद्ध किया गया।

05 माह से फरार 02 आरोपी गिरफ्तार

थाना तिल्दा-नेवरा के अपराध क्रमांक 554/2026, धारा 333, 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के प्रकरण में वर्ष 2025 में गणेश विसर्जन के दौरान आरोपियों द्वारा प्रार्थी के घर में जबरन प्रवेश कर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी एवं मारपीट कर चोट पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। घटना के पश्चात आरोपी फरार होकर गिरफ्तारी से बचते रहे। दिनांक 23.02.2026 को विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दोनों आरोपी विवेक वर्मा एवं योगेश सेन को गिरफ्तार किया गया। विधिसम्मत कार्यवाही उपरांत उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।

07 वारंटी गिरफ्तार कर जेल दाखिल

माननीय न्यायालय द्वारा जारी स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 07 वारंटियों को उनके निवास स्थान से हिरासत में लेकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार सभी 07 वारंटियों को जेल दाखिल किया गया।

13 सक्रिय चाकूबाजों एवं 03 आपराधिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही

इसी प्रकार, थाना धरसींवा क्षेत्र के 13 सक्रिय चाकूबाजों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही की गई तथा उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया। साथ ही, थाना विधानसभा क्षेत्र में 03 आपराधिक तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही कर उन्हें जेल भेजा गया।

विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य होली पर्व के दौरान आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना है।