रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रशासन और नीति निर्माण के क्षेत्र में करियर बनाने का शानदार अवसर सामने आया है। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) रायपुर में ‘एमबीए इन पब्लिक पॉलिसी एंड गवर्नेंस’ कार्यक्रम के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसे मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप के तहत संचालित किया जा रहा है।
दो वर्षीय इस विशेष पाठ्यक्रम का उद्देश्य ऐसे युवाओं को तैयार करना है, जो शासन और सार्वजनिक नीति के क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभा सकें। चयनित अभ्यर्थियों को न केवल IIM रायपुर में उच्चस्तरीय शिक्षा मिलेगी, बल्कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में व्यावहारिक प्रशिक्षण और फील्ड अनुभव भी दिया जाएगा। इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि, चयनित छात्रों की पूरी ट्यूशन फीस राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी। साथ ही, उन्हें दो वर्षों तक हर महीने 50 हजार रुपये का स्टाइपेंड भी मिलेगा। इससे प्रतिभाशाली युवाओं को आर्थिक रूप से भी बड़ी राहत मिलेगी।
संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, यह कार्यक्रम पारंपरिक पढ़ाई से अलग है और इसमें नीति निर्माण, क्रियान्वयन और जमीनी चुनौतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे छात्रों में विश्लेषण क्षमता और नेतृत्व कौशल विकसित होंगे। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना जरूरी है और उसके पास मान्य CAT स्कोर होना चाहिए। साथ ही, स्नातक में न्यूनतम निर्धारित अंक अनिवार्य हैं। इच्छुक उम्मीदवार 30 अप्रैल तक IIM रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट https://iimraipur.ac.in/mba-ppg/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
