इंजीनियरिंग छात्र की संदिग्ध हालात में मौत: प्रोफेसर दंपती गहरे सदमे में

Follow Us

बिलासपुर। शहर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सेंट्रल यूनिवर्सिटी और शासकीय महाविद्यालय में पदस्थ प्रोफेसर दंपती के इकलौते बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे शैक्षणिक जगत में शोक का माहौल है, वहीं परिवार गहरे सदमे में है। मृतक की पहचान यश वर्धन सिंह ठाकुर के रूप में हुई है, जो गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग का छात्र था। मंगलवार रात वह लोधीपारा क्षेत्र स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास अचेत अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र लंबे समय से मानसिक तनाव में बताया जा रहा है। घटना से पहले उसने अपनी मां से बातचीत भी की थी, जिसमें उसकी स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। इसके बाद जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसके अचेत अवस्था में मिलने की सूचना मिली। मृतक के पिता संतोष सिंह ठाकुर और मां किरण सिंह ठाकुर दोनों ही शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही दोनों की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में मौजूद परिजनों और सहयोगियों ने उन्हें संभालने की कोशिश की। इस दुखद घटना से उनके सहकर्मी भी गहरे आहत हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के कई प्रोफेसर अस्पताल पहुंचे। सभी ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और जरूरी प्रक्रियाओं में सहयोग किया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रात अधिक होने के कारण पीएम नहीं हो सका, फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। बुधवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।