आंखों के सामने जिंदा जली पत्नी: चलती कार बनी आग का गोला, नहीं बचा सका पति

Follow Us

बदायूं। उत्तरप्रदेश के बदायूं से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। उसहैत थाना क्षेत्र में देर रात एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई, जिसमें एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से झुलस गया।

जानकारी के मुताबिक, दंपति लखनऊ से इलाज कराकर वापस लौट रहे थे। सफर के दौरान अचानक कार से धुआं उठने लगा। पहले तो उन्होंने इसे सामान्य खराबी समझा, लेकिन कुछ ही मिनटों में हालात बेकाबू हो गए और कार में भीषण आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए पति ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और बाहर निकलने की कोशिश की। कार रुकते ही उसने पीछे सीट पर सो रही अपनी पत्नी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि, वह उसे बाहर नहीं निकाल सका। देखते ही देखते उसकी आंखों के सामने ही पत्नी आग की लपटों में घिर गई और उसने दम तोड़ दिया। इस कोशिश में पति के हाथ और चेहरा बुरी तरह झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी और पति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह हादसा न सिर्फ एक परिवार के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गहरे सदमे की वजह बन गया है।