बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन के दौरान एक 17 वर्षीय नाबालिग की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रेत माफिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शुरुआती तौर पर इसे सामान्य ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना बताया गया था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में असली कहानी सामने आई। जांच में अवैध खनन, लापरवाही और सबूत छिपाने जैसी गंभीर बातें उजागर हुईं। यह घटना 9 अप्रैल 2026 की रात करीब 3 बजे ग्राम गढ़वट के खारंग नदी किनारे हुई। हादसे में 17 वर्षीय अमित कश्यप की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक अमित यादव गंभीर रूप से घायल हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई थी, लेकिन रतनपुर पुलिस ने जब मामले की बारीकी से जांच की, तो कई अहम तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि ग्राम गढ़वट में खारंग नदी के किनारे अवैध रूप से रेत खनन किया जा रहा था। आरोपी तोषण कश्यप (34 वर्ष) इस पूरे अवैध काम को संचालित कर रहा था। अधिक मुनाफे के लालच में उसने नदी में 6 से 7 फीट गहरा गड्ढा खुदवाया था, जिसमें बिना किसी सुरक्षा उपाय के मजदूर काम कर रहे थे। जांच के अनुसार, काम के दौरान गड्ढा अचानक धंस गया, जिससे अमित कश्यप रेत में दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। अमित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी ने इसे छुपाने की कोशिश की और ट्रैक्टर को मौके से हटाकर ट्रॉली को पलट दिया, ताकि इसे एक सामान्य सड़क दुर्घटना बताया जा सके। लेकिन पुलिस ने सभी परिस्थितियों और सबूतों को ध्यान से जांचा, जिससे घटना का असली कारण उजागर हुआ। आरोपी के खिलाफ अब अवैध खनन, लापरवाही और साजिश के तहत केस दर्ज किया गया है।
अवैध रेत खनन की बलि:17 वर्षीय नाबालिग की मौत के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार
