नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। पांच दिवसीय भारत यात्रा पर आईं रोड्रिगेज के साथ ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, निवेश, दवा उद्योग, स्वास्थ्य और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर दोनों देशों ने प्रतिबद्धता जताई है। इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी रोड्रिगेज से मुलाकात की और भारत-वेनेजुएला साझेदारी के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए भरोसा जताया कि यह दौरा आपसी सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, रोड्रिगेज के साथ भारत आए एक बड़े उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य देश के ऊर्जा, फार्मा और ऑटोमोबाइल क्षेत्रों का दौरा कर भारत की तकनीकी क्षमताओं को समझेंगे। उल्लेखनीय है कि भारत, वेनेजुएला के ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण साझेदार रहा है और भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां वहां निवेश बढ़ाने की संभावनाएं तलाश रही हैं। ग्लोबल साउथ के प्रति साझा प्रतिबद्धता और मजबूत व्यापारिक संबंधों के आधार पर दोनों देशों के बीच हमेशा से सौहार्दपूर्ण रिश्ते रहे हैं, जिन्हें इस यात्रा से एक नई गति मिलेगी।
