ट्रंप का ईरान को कड़ा संदेश: ‘बिना समझौते के होर्मुज से नहीं हटेंगे अमेरिकी सैनिक’, संघर्ष विराम पर भी दी चेतावनी

Follow Us

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है। ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि जब तक ‘असली समझौता’ पूरी तरह से लागू नहीं हो जाता, तब तक अमेरिकी सेना और उसके घातक हथियार ईरान को घेरे रखेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि ईरान ने अपने वादे को तोड़ा, तो इसके परिणाम बहुत गंभीर होंगे। आपको बता दें की अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में एक अस्थायी सीजफायर की घोषणा के बाद एक बार फिर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ा संदेश देते हुए चेतावनी दी है कि अगर यह समझौता टूटता है, तो ईरान के खिलाफ पहले से कहीं अधिक घातक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में ईरान और अमेरिका के बीच दो सप्ताह के लिए एक सीजफायर घोषित किया गया था। हालांकि, सीजफायर की शर्तों को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी मतभेद भी नजर आ रहे हैं। ट्रंप ने पहले भी ईरान को चेतावनी दी थी कि यदि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नहीं खोला गया तो बड़े पैमाने पर हमले किए जाएंगे।

वहीं, ट्रंप के इस बयान को ईरान पर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका ईरान को परमाणु क्षमता हासिल करने की अनुमति कभी नहीं देगा और क्षेत्र में शांति तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह आवश्यक कदम उठाएगा। पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। इंटरनेशनल कमेटी ऑफ द रेड क्रॉस ने लेबनान पर भारी इस्राइली हवाई हमलों को भयावह मौत और विनाश बताते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। इन हमलों में कम से कम 254 लोग मारे गए और सैकड़ों अन्य घायल हुए हैं, जिससे व्यापक मानवीय संकट उभर रहा है। इस्राइली वायुसेना ने बुधवार को लेबनान के विभिन्न भागों, विशेषकर बेरूत और दक्षिणी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। इन हमलों से सिविलियनों के घर, अस्पताल और नागरिक इलाके प्रभावित हुए हैं। लेबनान की सिविल डिफेंस ने बताया कि हमलों में दर्जनों महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 254 नागरिक अपनी जान खो चुके हैं।