इन्फ्लुएंसर ‘कमल भाभी’ हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, प्रत्यर्पण के बाद पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Follow Us

चंडीगढ़/बठिंडा। पंजाब में चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ ‘कमल भाभी’ हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को प्रत्यर्पण के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और घटना के बाद विदेश भाग गया था, जहां से वह लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा।

पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और विदेशी भगोड़ा ट्रैकिंग व प्रत्यर्पण प्रकोष्ठ (OFTEC) की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत लाया गया। देश पहुंचते ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।यह सनसनीखेज मामला 11 जून 2025 का है, जब बठिंडा में इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि अमृतपाल सिंह ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पहले उनका अपहरण किया और फिर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को कार में रखकर आदेश अस्पताल के पास छोड़ दिया गया था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह लगातार फरार चल रहा था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की पूछताछ और जांच को तेज कर रही है।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मिडिल ईस्ट में छिपा हुआ था। इसके बाद भारत सरकार और संबंधित एजेंसियों के जरिए उसकी प्रत्यर्पण (एक्सट्रैडिशन) प्रक्रिया शुरू की गई। लंबी कानूनी और खुफिया कार्रवाई के बाद उसे डिपोर्ट कर भारत लाया गया। आखिरकार 10 अप्रैल की सुबह उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया। वहां से उसे सीधे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया। पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में संगठित अपराध और गंभीर अपराधों के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस नीति है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि इस तरह के मामलों में कोई भी अपराधी कानून से बच नहीं सकता, चाहे वह देश के अंदर हो या विदेश में।