नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच सोमवार रात को व्यापार समझौते के एलान का बड़ा असर मंगलवार सुबह शेयर बाजार पर साफ देखा जा रहा है। जहां आम बजट के दिन यानी 1 फरवरी को भारी गिरावट के बाद शेयर बाजार ने मंगलवार को जोरदार वापसी की है। सेंसेक्स ने 3200, तो निफ्टी ने 1200 अंकों की बड़ी छलांग लगाई है। वहीं अमेरिका के साथ समझौते के बाद बाजार में बंपर उछाल देखा गया है। आपको बता दें की मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 3,656.74 अंक बढ़कर 85,323.20 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 1,219.65 अंक बढ़कर 26,308.05 पर पहुंच गया। कारोबार शुरू होने के डेढ़ घंटे बाद 11 से 12 बजे, अब भी बाजार में तेजी बनी हुई है। हालांकि दोनों बेंचमार्क सूचकांकों ने अपनी बढ़त को और आगे बढ़ाया। बीएसई बेंचमार्क 4,205.27 अंक या 5.14 प्रतिशत बढ़कर 85,871.73 पर पहुंच गया। निफ्टी 1,252.8 अंक या 4.99 प्रतिशत बढ़कर 26,341.20 पर पहुंच गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध अधिकांश कंपनियों के शेयर में तेजी बरकरार है। वहीं रिलायंस-अदाणी समेत कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में तूफानी तेजी देखी गई। जानकारी के मुताबिक अडानी पोर्ट का शेयर 6.91 प्रतिशत तक उछल। दिग्गज कंपनी रिलायंस का शेयर भी 4 फीसदी की तेजी के साथ नजर आया। सेंसेक्स सूची में शामिल कंपनियों में अदानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, एटर्नल, बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 7.2-3.7 प्रतिशत की तेज बढ़त देखी गई। ब्लू-चिप कंपनियों के समूह में एकमात्र पिछड़ने वाली कंपनी के रूप में आईटीसी उभरी।वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत में 0.51 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 65.96 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,832.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,446.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सोमवार को सेंसेक्स 943.52 अंक या 1.17 प्रतिशत बढ़कर 81,666.46 पर बंद हुआ। निफ्टी 262.95 अंक या 1.06 प्रतिशत चढ़कर 25,088.40 पर समाप्त हुआ।
अमेरिका के साथ समझौते का सीधा असर दिखा शेयर बाजार पर, आज सेंसेक्स 3200+ और निफ्टी 1200+ अंक का बंपर उछला
