शिक्षा का मंदिर या भ्रष्टाचार का अड्डा? TC के नाम पर पैसे लेते हेडमास्टर का वीडियो वायरल

Follow Us

मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले के तुरकौलिया प्रखंड स्थित उत्क्रमित विद्यालय नरियरवा से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रधानाध्यापक पर टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) देने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर हेडमास्टर एक अभिभावक से पैसे लेते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, टीसी जारी करने के लिए 300 से 500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जबकि जन्मतिथि सुधार जैसे कार्यों के लिए 500 से 700 रुपये तक की मांग की जा रही है। वीडियो में साफ दिखता है कि, अभिभावक पैसे देता है और हेडमास्टर उसे कागज में मोड़कर रख लेते हैं। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस घटना ने स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। सोशल मीडिया पर लोग इसे “शिक्षा के मंदिर का अपमान” बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इससे पहले जहानाबाद जिले में भी एक स्कूल का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें बच्चे मिड-डे मील के लिए लकड़ियां तोड़ते नजर आए थे। उस मामले में भी स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगे थे। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि, प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते हैं या नहीं।