रायपुर। रायपुर से लगे आरंग थाना क्षेत्र में एक शिक्षक की सिर कुचलकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान डंगनिया (चंपारण) निवासी शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई है। वे शासकीय विद्यालय कुम्हारी में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि शिवकुमार किसान नेता रुपन चंद्राकर के भतीजे थे।
शिवकुमार का शव बनचरौदा के पास महानदी तट पर खून से लथपथ हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया, जिससे उनकी मौत हुई। घटनास्थल के पास उनकी बाइक भी बरामद हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका है, हालांकि वारदात के कारणों और आरोपियों के संबंध में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही आरोपियों की तलाश में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
