नई दिल्ली। अंबेडकर जयंती से पहले आयोजित ‘मैं भी अंबेडकर’ मैराथन ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में खास चर्चा बटोरी। इस कार्यक्रम की शुरुआत लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हरी झंडी दिखाकर की। ‘रन फॉर अंबेडकर’ और ‘रन फॉर कॉन्स्टिट्यूशन’ थीम पर आयोजित इस मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस मौके पर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि, देश में संविधान की मूल भावना को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि, बराबरी और अधिकारों की बात करने वाला संविधान ही देश की असली ताकत है, लेकिन कुछ शक्तियां इसे कमजोर करना चाहती हैं।
कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि, संविधान की रक्षा के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि, सरकार परोक्ष रूप से संवैधानिक व्यवस्थाओं को दरकिनार कर रही है। यह मैराथन राजधानी के कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें राजघाट, शांति वन, जामा मस्जिद रोड और आईएसबीटी जैसे क्षेत्र शामिल रहे। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कई स्थानों पर डायवर्जन लागू किया। आयोजन का उद्देश्य बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी ने इस संदेश को और मजबूत किया।
