लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सोमवार शाम को बड़ा बस हादसा हो गया है। इस हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 40 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। इस हादसे में घायल यात्रियों को एसजीपीजीआई के अपेक्स ट्रॉमा सेंटर भी भेजा गया है। यात्रियों का आरोप है कि ड्राइवर ने हादसे से पहले शराब के नशे में था। उधर, इस हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान ले लिया है। योगी ने उचित मुआवजा के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
योगी आदित्यनाथ पूर्वांचल बस हादसे का लिया संज्ञान
दरअसल, सोमवार को डबल डेकर बस पंजाब के लुधियाना से मोतिहारी बिहार जा रही थी। शाम करीब साढ़े 4 बजे लखनऊ के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बड़ा बस हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे से पहले बस लहराने लगी थी। सीएम योगी ने लखनऊ में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही सीएम ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने उचित मुआवजा प्रदान करने के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए हैं।
एक सीट पर 4-4 लोगों को बैठा रखा था
बस हादसे में घायल हुए एक यात्री ने बताया कि दो लोगों की सीट पर 4-4 लोगों को बैठा रखे थे। पीड़ित ने कहा कि ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ड्राइवर को शराब पीकर गाड़ी नहीं चलानी चाहिए। वरना हमारे जैसे लोग घूमने आएंगे और मर कर घर वापस जाएंगे। घायल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि हम लोगों को आर्थिक मदद मिलनी चाहिए।
बस ड्राइवर ने शराब पी थी
घायल आशीष कुमार ने बताया कि हम भीमपुर जा रहे थे। लखनऊ के आसपास ड्राइवर समेत हम लोगों ने खाना भी खाया था। आशीष ने बताया कि बस अचानक अनियंत्रित हो गई थी। गाड़ी के पलटी मारते ही हम अपनी जान बचाने के चक्कर में बस से फांद गए थे। उन्होंने बताया कि टिकट के तौर पर 1500 रुपये लिए थे, लेकिन टिकट नहीं दिया था। पीड़ित के मुताबिक, शराब के लिए पैसे लिए थे। उसने शराब भी पी रखी थी। ड्राइवर ने मनमानी किया था, एक सीट पर 7-8 लोगों को बैठा रखा था।
यूपी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस घटना की पूरी जांच होगी और जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मृतकों के परिजनों के प्रति सरकार की संवेदनाएं हैं और सरकार उनके साथ खड़ी है। वहीं, लखनऊ के संभागीय आयुक्त विजय विश्वास पंत ने बताया कि दुर्घटना में 31 लोग घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाए गए थे।
