नोएडा। करीब 25 वर्षों के बाद आसमान से जुड़ने का नोएडा का सपना आज पूरा हो जाएगा। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के लोकार्पण करेंगे। जहां पीएम मोदी आज जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन करने के लिए स्टेज पर पहुंचे। इस दौरान उनका अभिनंदन किया गया। पीएम मोदी थोड़ी देर में जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। आपको बता दें की जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन के लिए पीएम मोदी पहुंच गए हैं। कुछ देर में पीएम एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। पीएम एयरपोर्ट का निरीक्षण कर रहे हैं। उनके साथ सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद हैं।
घने कोहरे और बारिश में होगी उड़ान और लैंडिंग नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में घने कोहरे, बहुत कम विजिबिलिटी और बारिश के दौरान भी विमानों की उड़ान और लैंडिंग हो सकेगी। एयरपोर्ट में इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) के सबसे हाई लेवल तकनीकि सिस्टम कैट थ्री का इस्तेमाल किया जाएगा। इस तकनीकि के जरिए कम दृश्यता में भी सुरक्षित लैंडिंग कराई जाती है। आमतौर पर पायलट इस तकनीकि का इस्तेमाल तब करते हैं, जब उन्हें बाहर कुछ भी दिखाई न दे रहा हो और लैंडिंग के लिए पूरी तरह से उन्हें तकनीकि पर निर्भर होना पड़ता है। नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले सीएम योगी की प्रतिक्रिया सीएम योगी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी स्वागत किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ की विकास यात्रा आज एक और स्वर्णिम शिखर को स्पर्श करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कर-कमलों से आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रथम चरण का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। जेवर का यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे है। यहां से युवाओं के सपने उड़ान भरेंगे, संभावनाएं साकार होंगी और भविष्य नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा। इस युगांतरकारी परियोजना को धरातल प्रदान करने वाले हमारे किसान भाइयों को विशेष बधाई, आपके समर्पण से ही यह विकास संभव हुआ है। 25 करोड़ प्रदेश वासियों की ओर से प्रधानमंत्री जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।’
यमुना नदी में भी तैनात किए गए हैं सुरक्षा कर्मी प्रधानमंत्री की जनसभा से एक दिन पहले शासन के निर्देश पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा लेयर को बढ़ा दिया गया। इसके साथ ही प्रशासन ने यमुना नदी में भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर दी गई। जल पुलिस और सुरक्षा कर्मी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान लगातार यमुना नदी में गश्त करेंगे और इस मार्ग की निगरानी भी की जाएगी। वहीं मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए भी प्रशासन ने इसकी तैयारी की है। यह गौरव का दिन, ऐतिहासिक दिन है: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ‘देश की दृष्टि से भी और उत्तर प्रदेश की दृष्टि से भी जेवर एयरपोर्ट का आज प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उद्घाटन यह गौरव का दिन, ऐतिहासिक दिन है। चुनाव तो 2027 में भाजपा तीसरी बार जीतने जा रही है लेकिन विकास हमारा मुख्य लक्ष्य रहता है। हवाई जहाज पर हवाई चप्पल पहनने वाला भी बैठ सके ऐसा देश हमें बनाना है और जेवर इसी कड़ी में एक सौगात है।’ नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में पहुंचे फिल्म निर्माता बोनी कपूर फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने कहा, ‘यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सपना है, जिसे साकार करने के लिए हम सभी मिलकर प्रयास कर रहे हैं। मैं जेवर में एक अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी विकसित कर रहा हूं।’
गौतम बुद्ध नगर भाजपा सांसद महेश शर्मा ने कहा, ‘प्रधानमंत्री का जो संकल्प है जिसके कारण आज भारत और भारत के लोगों का सम्मान विश्व शिखर पर है। आज युद्ध नहीं बुद्ध के मार्ग पर चलकर हम नई ऊंचाइयां पा रहे हैं। जेवर वासी आज प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए ललाइत है। मैं किसानों को धन्यवाद करता हूं और बधाई भी देता हूं।’ यह विकसित भारत के सपने को साकार करेगा: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, ‘आज भारतवर्ष को बहुत बड़ी सौगात प्रधानमंत्री मोदी के हाथों से मिलने वाली है। यह भारत का ही नहीं एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा आज लोकार्पित हो रहा है। मैं प्रदेशवासियों को बहुत बधाई देता हूं। इस हवाई अड्डे से बनने से हवाई यात्रियों को तो सुविधा मिलेगी ही साथ ही प्रदेश और देश के आर्थिक विकास को भी सहयोग मिलेगा, बड़ी संख्या में रोजगार सृजन भी होगा। यह विकसित भारत के सपने को साकार करेगा।’एनसीआर में दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पूरी तरह बनने के बाद नोएडा एयरपोर्ट देश का सबसे बड़ा और दिल्ली एनसीआर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। इसके संचालन से दिल्ली समेत हिंडन एयरपोर्ट का दबाव भी कम होगा। साथ ही कार्गो हब से नोएडा, ग्रेनो, दिल्ली, बुलंदशहर, आगरा, टप्पल समेत अन्य शहरों व जिलों के उद्यमी दूसरे देशों में अपना सामान निर्यात कर सकेंगे।
