राज्यसभा सीट पर सियासी घमासान: कांग्रेस में टिकट को लेकर मंथन तेज, सज्जन वर्मा की दावेदारी चर्चा में

Follow Us

इंदौर। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है। 19 जून को राज्यसभा की तीन सीटों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिनके लिए जून में चुनाव प्रस्तावित है। मौजूदा विधानसभा समीकरण के आधार पर दो सीटें बीजेपी और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाती दिख रही है, लेकिन असली मुकाबला अब कांग्रेस के अंदर ही दिलचस्प हो गया है।

कांग्रेस की एकमात्र संभावित सीट के लिए कई दिग्गज नेता सक्रिय हो गए हैं और अंदरखाने लॉबिंग का दौर तेज हो चुका है। इसी बीच इंदौर से पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने खुलकर अपनी दावेदारी पेश कर सियासी तापमान और बढ़ा दिया है। वर्मा ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव को आधार बनाते हुए कहा कि, वे पार्षद से लेकर विधायक, मंत्री और लोकसभा सांसद तक रह चुके हैं, ऐसे में उन्हें संसदीय कार्यप्रणाली की गहरी समझ है। उन्होंने साफ संकेत दिया कि, पार्टी को इस समय ऐसे अनुभवी नेता की जरूरत है जो संसद में बीजेपी का मजबूती से सामना कर सके।

पिछले चुनाव में बीजेपी से जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी राज्यसभा पहुंचे थे, जबकि कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह को मौका मिला था। इस बार स्थिति अलग है और कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर खींचतान खुलकर सामने आने लगी है। अब नजर पार्टी हाईकमान के फैसले पर टिकी है कि, वह अनुभव को तरजीह देता है या फिर नए समीकरणों के साथ कोई चौंकाने वाला चेहरा सामने लाता है। फिलहाल एक सीट ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को पूरी तरह गरमा दिया है।