बिहार में सियासी हलचल तेज: नीतीश के चाहने से कुछ नहीं होगा! – तेजस्वी यादव का बड़ा हमला

Follow Us

पटना। बिहार में राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। नीतीश कुमार के राज्यसभा की शपथ लेने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि, वे जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसी बीच नए सीएम को लेकर जेडीयू और बीजेपी के बीच खींचतान साफ नजर आ रही है।

इस पूरे घटनाक्रम पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तीखा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, बिहार में फैसले अब पटना नहीं बल्कि दिल्ली से हो रहे हैं। उनका इशारा सीधे तौर पर पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ओर था। तेजस्वी ने कहा, “कौन मुख्यमंत्री बनेगा, यह जनता नहीं बल्कि दो लोग तय कर रहे हैं।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि , नितिश कुमार को हटाने का फैसला पहले ही दिल्ली में हो चुका था। “नीतीश जी चाहें या न चाहें, अब उनके चाहने से कुछ नहीं होगा,” तेजस्वी ने कहा। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, पिछले दो महीनों से कैबिनेट की बैठक तक नहीं हुई है और राज्य विकास में पिछड़ रहा है।

इधर, सियासी गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि, अगला मुख्यमंत्री बीजेपी से हो सकता है। हालांकि जेडीयू के एक वर्ग द्वारा निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग भी उठ रही है। पार्टी कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों में “दंगा-फसाद नहीं चाहिए” जैसे संदेश देकर बीजेपी नेतृत्व पर अप्रत्यक्ष निशाना साधा गया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि, बिहार की सत्ता की यह बाजी किसके नाम होगी और आगे क्या नया मोड़ लेगी।