नोएडा। वेतन वृद्धि और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की मांग को लेकर नोएडा में प्राइवेट कंपनी के कर्मचारियों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। सोमवार सुबह, पिछले तीन दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का गुस्सा फूट गया। प्रदर्शन ने तब हिंसक रूप ले लिया जब कर्मचारियों ने सड़कों पर उतरकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। साथ ही पुलिस की गाड़ियों के साथ ही कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। कंपनी में भी तोड़फोड़ की गई। इस दौरान पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हिंसक प्रदर्शन से गौतमबुद्धनगर जिले के कई इलाकों में जाम की स्थिति पैदा हो गई है। ट्रैफिक जाम के कारण दफ्तर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा। आपको बता दें की नोएडा के फेज-2 इलाके में भी तोड़फोड़ की व्यापक घटनाएं सामने आईं। सेक्टर-84 में वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

वहीं स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, लेकिन तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर पलट दिया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। इसके अलावा पुलिस की एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासन सक्रिय हुआ। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, जब भीड़ नियंत्रण से बाहर होती दिखी, तो हल्का बल प्रयोग कर उन्हें हटाया गया। इसके बाद कुछ इलाकों में हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे, लेकिन तनाव अभी भी बरकरार है।

