अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सामने आए सनसनीखेज रेप और हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार कोरिया जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 35,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे अंबिकापुर लाने की कार्रवाई में जुट गई है।
दरअसल,यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के महामाया मंदिर द्वार के पास 3 अप्रैल की रात का है, जब एक महिला का रक्तरंजित शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। घटना सामने आते ही पूरे शहर में दहशत और आक्रोश फैल गया था। मौके पर पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची थी और जांच शुरू की गई थी।
प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर धारदार हथियार के निशान पाए गए थे और उसका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। वहीं, मौके से मिले साक्ष्यों ने यह आशंका और मजबूत कर दी थी कि, हत्या से पहले महिला के साथ गंभीर अपराध किया गया था। पीएम रिपोर्ट में भी चौंकाने वाले और दर्दनाक खुलासे सामने आए। रिपोर्ट के अनुसार महिला के सीने की कई पसलियां टूट गई थीं, जिससे उसके फेफड़ों और दिल को गंभीर क्षति पहुंची थी। सिर की हड्डियां भी टूटी पाई गईं और गले पर दबाव के निशान मिले थे, जो अत्यधिक हिंसा की ओर इशारा करते हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि, मृतका लगभग 45 वर्ष की थी और उसके पति की मृत्यु कई साल पहले हो चुकी थी। वह अंबिकापुर के गंगापुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी, जहां उसका 25 वर्षीय बेटा भी निवास करता था। बताया गया कि, महिला लंबे समय से घर से दूर रहती थी और उसके साथ एक युवक भी रहता था, जिसे वह अपना प्रेमी बताती थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को “पुष्पा” नाम से परिचित कराता था और दोनों के बीच नशे की हालत में रहने की बात भी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में दोनों को घटना वाली रात साथ जाते हुए देखा गया था, जिससे जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिला। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला था। कांग्रेस ने 7 अप्रैल को कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया था और जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी और ड्रोन तथा तकनीकी सर्विलांस की मदद ली जा रही थी।अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है।
