बंगाल चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई: SSC घोटाले को लेकर पार्थ चटर्जी पर फिर कसा शिकंजा, कोलकाता में ED की छापेमारी

Follow Us

कोलकाता। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई शिक्षक भर्ती से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले (पीएमएलए केस) में की जा रही है। ईडी की टीम कोलकाता में दो जगहों पर तलाशी अभियान चला रही है। इनमें एक जगह पार्थ चटर्जी का घर है, जबकि दूसरी जगह प्रसन्ना कुमार रॉय का दफ्तर है, जो इस मामले में पहले से ही जेल में बंद हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह छापेमारी शिक्षक भर्ती घोटाले में पैसों के लेन-देन और उससे जुड़े सबूत जुटाने के लिए की जा रही है। आपको बता दें की जांच एजेंसी ने बताया कि पार्थ चटर्जी को स्कूल सर्विस कमीशन (एसएससी) भर्ती घोटाले में जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए तीन बार समन भेजा गया था, लेकिन उन्होंने एक बार भी हाजिर नहीं हुए। इसके बावजूद वे लगातार पूछताछ से बचते रहे।

वहीं इससे पहले ईडी ने जुलाई 2022 में प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले में पार्थ चटर्जी को गिरफ्तार भी किया था। बाद में उन्हें सुप्रीम कोर्ट से फरवरी-मार्च 2025 में सशर्त जमानत मिली थी। हालांकि, उनके खिलाफ अलग-अलग भर्ती मामलों, जैसे प्राथमिक शिक्षक, एसएससी असिस्टेंट टीचर और ग्रुप सी और डी स्टाफ की भर्ती, को लेकर ईडी के कई केस अभी भी चल रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह छापेमारी जांच का हिस्सा है और आगे और खुलासे होने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह भारी केंद्रीय बलों के साथ ईडी की टीम नाकतला पहुंची। माना जा रहा है कि स्कूल शिक्षक भर्ती घोटाले के मामले में चुनाव से पहले उनसे दोबारा पूछताछ की जा सकती है। जमानत मिलने के बाद ईडी ने उन्हें कई बार पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन आरोप है कि वह हर बार बीमारी का हवाला देकर पेश होने से बचते रहे। सूत्रों के मुताबिक, इसी वजह से इस बार ईडी की टीम खुद उनके घर पहुंची है ताकि सीधे उनसे पूछताछ की जा सके। बताया जा रहा है कि पार्थ चटर्जी ने ईडी से पहले ही कहा था कि वह बीमार हैं और जरूरत पड़ने पर वीडियो कॉल के जरिए या घर पर ही पूछताछ की जा सकती है। इसी बीच, ईडी की एक अन्य टीम ने न्यू टाउन में प्रसन्ना रॉय के दफ्तर पर भी छापा मारा। प्रसन्ना रॉय इस भर्ती घोटाले में ‘मिडलमैन’ के रूप में आरोपी हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे ईडी की टीम उनके ऑफिस पहुंची। वहीं, इस मामले में राज्य मंत्री और टीएमसी नेता सुजीत बोस के बेटे समुद्र बोस भी ईडी के सामने पेश हुए। उन्होंने साल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में पूछताछ के लिए हाजिरी दी। भर्ती घोटाले को लेकर ईडी की कार्रवाई लगातार जारी है और चुनाव से पहले इस मामले ने राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है।