नई दिल्ली। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार हरे निशान पर खुला। वहीं पिछले दिन यानी गुरुवार को बाजार सेंसेक्स 931.25 अंक टूटकर 76,631.65 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 222.25 अंकों की गिरावट के साथ 23,775.10 पर बंद हुआ था। आज बैंक शेयरों में तेजी और वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुझान के चलते शुरुआती कारोबार में इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में उछाल आया। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 630.08 अंक बढ़कर 77,261.73 पर पहुंच गया। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 203.6 अंक चढ़कर 23,978.70 पर पहुंच गया। डॉलर के मुकाबले रुपया 5 पैसे कमजोर होकर 92.71 पर खुला, जबकि गुरुवार को यह 92.66 पर बंद हुआ था। आपको बता दें की सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फाइनेंस को सबसे ज्यादा लाभ हुआ। सन फार्मा, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और टाइटन पिछड़ गए।
वहीं शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे मजबूत होकर 92.41 पर पहुंच गया, हालांकि वैश्विक तनाव बढ़ने, खासकर अमेरिका-ईरान संघर्ष से अमेरिकी डॉलर/भारतीय रुपये की जोड़ी को जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। फॉरेक्स ट्रेडर्स का कहना है कि रुपये में इंट्रा-डे में भारी अस्थिरता देखने को मिल सकती है क्योंकि बैंकों को अपने ओवरनाइट पोजीशन को 100 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक सीमित करने के लिए आरबीआई के निर्देशों की समय सीमा आज समाप्त हो रही है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.58 पर खुला, फिर शुरुआती कारोबार में 92.41 तक पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 10 पैसे की बढ़त दर्शाता है। गुरुवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 3 पैसे की मामूली बढ़त के साथ 92.51 पर बंद हुआ। सीआर फॉरेक्स एडवाइजर्स के एमडी अमित पबारी ने कहा, “इनमें से अनुमानित 80-85 प्रतिशत पोजीशन पहले ही समाप्त हो चुकी हैं, जिसका मतलब है कि रुपये को स्थिर रखने वाला अधिकांश समर्थन अब खत्म हो चुका है। सरल शब्दों में कहें तो, रुपये को स्थिर रखने वाला सहारा अब कमजोर पड़ने लगा है, और यहीं से कहानी में बदलाव आना शुरू होता है।” एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का बेंचमार्क कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक उच्च स्तर पर कारोबार कर रहे थे। गुरुवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.20 प्रतिशत बढ़कर 96.11 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। बाजार विनिमय आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 1,711.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 955.90 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। गुरुवार को सेंसेक्स 931.25 अंक या 1.20 प्रतिशत गिरकर 76,631.65 पर बंद हुआ। निफ्टी 222.25 अंक या 0.93 प्रतिशत गिरकर 23,775.10 पर समाप्त हुआ।
