होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकला भारतीय जहाज ‘जग वसंत’, LPG लेकर पहुँचा गुजरात

Follow Us

नई दिल्ली। ईरान युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने के चलते कई दिनों से फंसा भारतीय झंडे वाला जहाज जग वसंत भारत पहुंच गया है। भारतीय झंडे वाला जहाज शुक्रवार सुबह गुजरात के बंदरगाह पर पहुंचा। बीते दिनों भारतीय झंडे वाले दो जहाजों पाइन गैस और जग वसंत ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया था। शिप ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, बीते सोमवार को इन दोनों जहाजों को ईरान के लारक और केश्म द्वीपों के बीच देखा गया था। वहीं ये दोनों जहाज उन 22 भारतीय जहाजों में शामिल थे, जो पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हुए थे। युद्ध के चले ईरान ने होर्मुज को आंशिक रूप से बाधित कर दिया है, जिसके चलते पूरी दुनिया में तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। जहाज जग वसंत और पाइन गैस पर 92,612 मीट्रिक टन एलपीजी गैस भरी हुई है। जहाज जग वसंत पर 33 भारतीय नाविक सवार हैं और पाइन गैस पर 27 भारतीय नाविक सवार हैं। आपको बता दें की इससे पहले बीते दिनों भारतीय जहाज शिवालिक और नंदा देवी भी करीब 92 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर भारत पहुंचे थे। भारत में घरेलू और व्यवसायिक उपयोग के लिए एलपीजी गैस की बड़ी मांग है। यही वजह है कि होर्मुज जलडमरूमध्य बाधित होने के बाद भारत में एलपीजी का संकट पैदा हो गया था, लेकिन सरकार ने कूटनीतिक स्तर पर ईरान के साथ बातचीत कर भारतीय जहाजों का होर्मुज से सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराया। ईरान ने भी बयान जारी कर साफ कर दिया है कि भारतीय जहाजों को नहीं रोका जा रहा है।