रील के लिए मौत से खेल: बुलंदशहर हाईवे पर युवती का खतरनाक स्टंट वायरल

Follow Us

बुलंदशहर। उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर में सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ एक बार फिर खतरनाक रूप लेती नजर आई है। ताजा मामला एक युवती से जुड़ा है, जिसने नेशनल हाईवे पर बुलेट बाइक से जानलेवा स्टंट कर सबको हैरान कर दिया। इसका वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है।

वीडियो में युवती बिना हेलमेट ‘पुलिस’ लिखी बुलेट बाइक को तेज रफ्तार में दौड़ाती दिखाई दे रही है। हैरानी की बात यह है कि, उसने चलते हुए बाइक का हैंडल छोड़ दिया और लापरवाही की हद पार करते हुए एक पैर के ऊपर दूसरा पैर रखकर बाइक चलाई। इस पूरे स्टंट को बाकायदा रिकॉर्ड किया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि, युवती ने यह खतरनाक कदम सिर्फ लाइक्स और व्यूज पाने के लिए उठाया। अब यही वीडियो उसके लिए मुसीबत बनता दिख रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स न सिर्फ वीडियो शेयर कर रहे हैं, बल्कि पुलिस को टैग कर सख्त कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं।

गौरतलब है कि, यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई युवा रील बनाने के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल चुके हैं। पुलिस ने कई मामलों में कार्रवाई भी की है, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। अब देखना होगा कि, इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है।