बिहार में नए सीएम का चुनाव: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बनाए गए केंद्रीय पर्यवेक्षक

Follow Us

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार में नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर रविवार को अहम कदम उठाया है। पार्टी ने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त करते हुए जिम्मेदारी शिवराज सिंह चौहान को सौंपी है, जो वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री हैं और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में ही बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए नाम तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि पार्टी के संसदीय बोर्ड ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शिवराज सिंह चौहान विधायक दल की बैठक में शामिल होकर नेता के चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देंगे। वहीं, नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने संकेत दिए हैं कि नई सरकार के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के नाम की अनुशंसा भाजपा द्वारा की जाएगी, जिसके बाद एनडीए विधायकों की बैठक में औपचारिक रूप से नेता का चयन होगा। इस बीच, बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव तब देखने को मिला जब नीतीश कुमार ने हाल ही में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। उन्हें सीपी राधाकृष्णन ने राज्यसभा में शपथ दिलाई। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कांग्रेस नेता जयराम रमेश समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। गौरतलब है कि लगभग दो दशकों तक बिहार की सत्ता संभालने वाले नीतीश कुमार पहले विधान परिषद के सदस्य थे, लेकिन राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद उन्होंने 30 मार्च को अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस कदम के साथ ही बिहार की राजनीति में नए समीकरण बनने शुरू हो गए हैं।