बंगलूरू। आईपीएल की ऐतिहासिक सफलता के बीच अब श्रेय को लेकर नई बहस छिड़ गई है। आईपीएल के पहले चेयरमैन ललित मोदी और लखनऊ सुपरजाएंट्स के मालिक संजीव गोयनका के बीच सोशल मीडिया पर तीखी नोकझोंक देखने को मिली, जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी। वहीं हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स की बिक्री ने इतिहास रच दिया। आरआर फ्रेंचाइजी 15,000+ करोड़ और आरसीबी फ्रेंचाइजी 16000+ करोड़ की कीमत पर बिकीं। आरसीबी की वैल्यूएशन 450 करोड़ रुपये से बढ़कर 16000+ करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जिसने आईपीएल के बिजनेस मॉडल को फिर से चर्चा में ला दिया।
आपको बता दें की इन दोनों डील के बाद लखनऊ सुपरजाएंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने इस सफलता का श्रेय जय शाह को दिया। उन्होंने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा, ‘राजस्थान रॉयल्स, जिसे 2008 में लगभग 270 करोड़ रुपये में खरीदा गया था, अब 15,000 करोड़ रुपये से ज्यादा में बिक चुकी है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, जिसे करीब 485 करोड़ रुपये में खरीदा गया था, 16,600 करोड़ से अधिक में बिक गई। एक ही हफ्ते में दो फ्रेंचाइजी, दोनों की कीमत 15,000+ करोड़ से ऊपर पहुंच गई।’ गोयनका ने लिखा, ‘यह वैल्यू आईपीएल की उस मजबूत ढांचे की वजह से बनी है, जिसमें ब्रॉडकास्ट और डिजिटल राइट्स को शानदार स्ट्रैटेजी से तैयार किया गया। साथ ही, ऐसी गवर्नेंस बनाई गई जिसने बड़े ब्रांड्स को प्रीमियम स्तर पर निवेश करने का भरोसा दिया। इसका बड़ा श्रेय जय शाह के विजन को जाता है।’ मौजूदा आईसीसी अध्यक्ष जय शाह, इससे पहले बीसीसीआई सचिव थे।
वहीं गोयनका के बयान से नाराज ललित मोदी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने संजीव गोयनका के ट्वीट पर पहले तो रिप्लाई किया, ‘क्या आप सीरियस हैं? आप जोकर हैं।’ इसके बाद संजीव गोयनका को टैग कर भी लिखा, ‘गंभीरता से कहूं तो इस व्यक्ति को शायद यह याद ही नहीं कि इस मॉडल की कल्पना किसने की थी। खैर, कोई बात नहीं, यह अपनी ही दुनिया में रहता है। हम सभी जानते हैं कि संजीव गोयनका क्या हैं।’ इसके आगे ललित मोदी ने हंसने का इमोजी बनाया। ललित मोदी ने आगे लिखा, ‘काश, उनके भाई हर्ष गोयनका फ्रेंचाइजी के मालिक होते। वह एक सच्चे क्रिकेट फैन हैं, न कि उनकी तरह के क्लाउन (जोकर)। वह (संजीव) सोचते हैं कि उनका एक ट्वीट इतिहास बदल देगा। इससे बस यही साबित होता है कि उन्हें बिल्कुल भी जानकारी नहीं है, सिर्फ घमंड बढ़ गया है। जय हिंद।’ ललित मोदी के इस बयान ने विवाद को और भड़का दिया और सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई।
आईपीएल की शुरुआत 2007 में हुई थी, लेकिन इसकी नींव इससे कई साल पहले रखी गई थी। ललित मोदी ने फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग का आइडिया आगे बढ़ाया, जिसे शुरुआत में ज्यादा समर्थन नहीं मिला। हालात तब बदले जब इंडियन क्रिकेट लीग लॉन्च हुई और बीसीसीआई को अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए नया कदम उठाना पड़ा। इसके बाद आईपीएल को आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया और देखते ही देखते यह दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग बन गई। यह विवाद सिर्फ बयानबाजी नहीं, बल्कि आईपीएल की विरासत को लेकर लड़ाई भी माना जा रहा है। एक तरफ जहां गोयनका मौजूदा प्रशासन को श्रेय दे रहे हैं, वहीं ललित मोदी खुद को इस लीग का असली आर्किटेक्ट मानते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि यह बहस आगे और कितना तूल पकड़ती है।
