भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट के कोक ओवन कैंटीन में कार्यरत 29 वर्षीय कुक अजय प्रजापति ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह उनका शव सेक्टर-4, सड़क नंबर 36 स्थित आवासीय क्षेत्र के पीछे एक पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में मातम छा गया है। जानकारी के अनुसार, अजय प्रजापति पिछले कुछ महीनों से कोक ओवन कैंटीन में ठेकेदार ज्ञानवेंद्र सिंह उर्फ मोनू के अधीन कार्यरत थे। वे कैंटीन सेल प्रभारी जॉर्ज विलियम के सर्वेंट क्वार्टर में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनकी पत्नी भी उसी घर में खाना बनाने का काम करती हैं। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 8 बजे अजय नशे की हालत में घर पहुंचे थे। इस दौरान उनका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद वे घर से बाहर निकल गए। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क नंबर 36 के पीछे पेड़ से लटका शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल सुपेला की मरच्यूरी भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। जांच में यह भी सामने आया है कि अजय घटना से पहले सड़क नंबर 27 स्थित अपने एक दोस्त के घर गए थे, जहां उन्होंने कुछ समय बिताया। वहां तंबाकू सेवन करने के बाद वे वहां से निकल गए थे। इसके बाद देर रात तक उनका कोई पता नहीं चल पाया।
परिजनों के अनुसार, अजय का 6 माह का एक मासूम बच्चा है। घटना की सूचना मिलते ही उनके पिता और भाई रायपुर से भिलाई पहुंचे। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
BSP कैंटीन के रसोइये ने की आत्महत्या: पेड़ से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
