Breaking: 36 साल की साउथ एक्ट्रेस सुभाषिनी सुब्रमण्यम का निधन, मौत से पहले पति से हुआ विवाद

Follow Us

चेन्नई। साउथ इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। तमिल फिल्मों और टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस सुभाषिनी सुब्रमण्यम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 36 वर्षीय एक्ट्रेस का शव चेन्नई के इयप्पंथंगल इलाके में स्थित उनके अपार्टमेंट से बरामद किया गया है। इस घटना ने फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है।

जानकारी अनुसार, सुभाषिनी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थीं और अपने पति से अलग रह रही थीं। उन्होंने साल 2024 में बिपिन चंद्रन से शादी की थी, लेकिन हाल के महीनों में दोनों के रिश्तों में खटास की खबरें सामने आ रही थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, घटना से कुछ समय पहले ही सुभाषिनी ने अपने पति से वीडियो कॉल पर बात की थी, जिसमें दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी।

बताया जा रहा है कि, कॉल खत्म होने के बाद से ही उनका संपर्क टूट गया। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को शक हुआ और सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो सुभाषिनी का शव मिला। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।

वहीं अधिकारियों का कहना है, कि अभी तक मौत के सटीक कारण की पुष्टि नहीं हुई है और हर एंगल से जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी सबूतों की बारीकी से जांच कर रही है। सुभाषिनी मूल रूप से श्रीलंका की रहने वाली थीं और अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए चेन्नई आई थीं। उन्होंने 2012 में फिल्म इनी अवन से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई शॉर्ट फिल्मों, सामाजिक जागरूकता वीडियो और तमिल सिनेमा की फिल्मों में काम किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में एल्लाम मेला इरुकुरवन पाथुप्पन और वेब शामिल हैं।

सोशल मीडिया पर भी सुभाषिनी काफी सक्रिय रहती थीं। उनके इंस्टाग्राम पर करीब साढ़े चार लाख फॉलोअर्स थे। दिलचस्प बात यह है कि, उन्होंने घटना से दो दिन पहले ही एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने जिंदगी के गहरे भाव और संघर्षों का जिक्र किया था। अब उनके इस पोस्ट को लोग अलग नजरिए से देख रहे हैं। उनकी अचानक मौत से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। कई कलाकारों और फैंस ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।