मुंबई। सब टीवी के फेमस शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में दया बेन का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस दिशा वकानी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. दरअसल, उनके पिता भीम वकानी का निधन हो गया है, जिससे परिवार और फैंस दोनों गहरे शोक में हैं.
बता दें कि दिशा के पिता भीम वकानी गुजराती थिएटर, टीवी और फिल्मों के जाने-माने कलाकार थे. अपने करियर में उन्होंने कई यादगार भूमिकाएँ निभाईं हैं. गुजराती सिनेमा में उन्होंने एक मजबूत पहचान बनाई. उनका निधन अहमदाबाद में हुआ है. बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार आज अहमदाबाद में ही किया जाएगा. इस कठिन समय में दिशा वकानी और उनके भाई मयूर वकानी परिवार के साथ हैं, हालांकि अब तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
असित मोदी ने भी जताया दुख
शो के निर्माता असित मोदी ने भी गहरा दुख जताया. उन्होंने बताया कि भीम वकानी से उनका रिश्ता पारिवारिक था और उनके जाने से ऐसा लग रहा है जैसे परिवार का कोई सदस्य चला गया हो. भीम वकानी ने हिंदी फिल्मों में भी काम किया था, जिनमें स्वदेस, लगान और लज्जा जैसी चर्चित फिल्में शामिल हैं.
