अल्लू अर्जुन के जन्मदिन पर फैंस के उत्साह ने मचाई अफरा-तफरी, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

Follow Us

हैदराबाद। साउथ के मशहूर अभिनेता अल्लू अर्जुन आज 8 अप्रैल को अपना जन्मदिन मना रहे हैं, लेकिन उनके फैंस की उत्सुकता ने रात 7 अप्रैल को उनके घर के बाहर अफरा-तफरी मचा दी। भारी भीड़ में उनके चाहने वाले एक्टर की झलक पाने के लिए जमा हो गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बाधित हो गई और पुलिस को नियंत्रण के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।

दरअसल, अल्लू अर्जुन के घर के बाहर मंगलवार रात भारी संख्या में फैंस की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने पटाखे जलाए, तो वहीं कुछ ने उनकी सलामती के लिए पूजा भी की। हालांकि, टाइम्स नाऊ की रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादा भीड़ होने की वजह से स्थिति थोड़ी बेकाबू हो गई। सुरक्षा कर्मी भीड़ को संभालने की कोशिश करते नजर आए, उन्होंने बैरिकेड्स लगाए और लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की। लेकिन इसके बावजूद कई फैंस उत्साह में आगे बढ़ते रहे। ऐसे में हालात को कंट्रोल करने और किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और लाठी की मदद से भीड़ को पीछे हटाने की कोशिश की गई।

हालांकि कुछ देर बाद फैंस की दीवानगी देखकर अल्लू अर्जुन भी खामोश नहीं रह सके। वह अपने फैंस से मिलने के लिए अपने घर से बाहर आए। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अल्लू अर्जुन फैंस का हाथ जोड़कर आभार जता रहे हैं। बता दें कि 8 अप्रैल 1982 को जन्मे अल्लू अर्जुन आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने 2003 में तेलुगु फिल्म ‘गंगोत्री’ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने भारतीय सिनेमा को ‘पुष्पा’, ‘आर्य’ और ‘डीजे’ जैसी शानदार फिल्में दी हैं। वह जल्द ही ‘राका’ फिल्म में नजर आएंगे, जिसे एटली डायरेक्ट कर रहे हैं।