रूस की राजधानी मॉस्को में एक बड़े सैन्य अधिकारी पर जानलेवा हमला हुआ है

Follow Us

मॉस्को |  रूस की राजधानी मॉस्को में पुतिन के टॉप जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव पर जानलेवा हमला हुआ है। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियों से हमला कर दिया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रूसी जांच समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेंको ने यह जानकारी दी। यह हमला उत्तर-पश्चिमी मॉस्को के एक रिहायशी इलाके में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 6 फरवरी 2026 को जब जनरल अलेक्सेयेव वोलोकोलाम्स्कोये हाईवे के पास एक इमारत में थे, तब एक अनजान हमलावर ने पर उन पर हमला बोल दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

जांच समिति ने दर्ज किया केस
रूस की जांच समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेंको ने इस हमले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इस मामले में हत्या की कोशिश (आर्टिकल 30 और 105) और हथियारों की अवैध तस्करी (आर्टिकल 222) के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां और फोरेंसिक एक्सपर्ट घटनास्थल पर सबूत जुटा रहे हैं। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और गवाहों से भी पूछताछ हो रही है।प्रवक्ता ने बताया कि हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए एक बड़ा तलाशी अभियान चलाया गया है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस हमले के पीछे किसका हाथ हो सकता है। जनरल अलेक्सेयेव साल 2011 से रूस की मिलिट्री इंटेलिजेंस में बड़े पद पर काम कर रहे हैं।पहले भी हो चुके हैं अधिकारियों पर हमले
यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से रूस के कई बड़े सैन्य अधिकारियों पर हमले हुए हैं। इससे पहले 22 दिसंबर 2025 को एक कार बम धमाके में लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवारोव की मौत हो गई थी। उनकी कार में बम लगाया गया था। इसी तरह, 25 अप्रैल 2025 को भी मॉस्को के पास बालाशिखा इलाके में एक कार बम विस्फोट हुआ था। इस हमले में लेफ्टिनेंट जनरल यारोस्लाव यारोस्लाविच मोस्कालिक की जान चली गई थी। वे रूसी जनरल स्टाफ के मेन ऑपरेशंस निदेशालय में डिप्टी चीफ के पद पर तैनात थे।