सोलर प्लांटों से 6500 मीटर केबल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, कबाड़ी समेत 4 गिरफ्तार

Follow Us

बलौदाबाजार-भाटापारा। सिमगा क्षेत्र के दो सोलर पावर प्लांटों से करीब 6,500 मीटर केबल वायर चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में चोरी का माल खरीदने वाले तिल्दा के एक कबाड़ी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जला हुआ तांबा और केबल वायर, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, औजार और मोबाइल सहित करीब 1 लाख 32 हजार 700 रुपये का सामान बरामद किया है। वहीं, मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार चौरेंगा स्थित हरे कृष्णा पावर प्लांट में चोरों ने बाउंड्री वॉल की फेंसिंग काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 1,500 मीटर इन्वर्टर केबल वायर चोरी कर लिया। प्लांट इंचार्ज लक्ष्मण प्रसाद शुक्ला की शिकायत पर थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 355/2026 दर्ज किया गया था।इसी तरह ग्राम चंदेरी स्थित सूर्योदय वायर सोलर पावर प्लांट में भी फेंसिंग काटकर चोरों ने करीब 5,000 मीटर डीसी केबल वायर चोरी कर लिया था। प्लांट मैनेजर दुर्गेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 381/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में सिमगा पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि चौरेंगा की ओर मोटरसाइकिल से बैग और औजार लेकर तीन संदिग्ध घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चौरेंगा और चंदेरी के दोनों सोलर प्लांटों में फेंसिंग काटकर केबल चोरी करने की बात स्वीकार की।

रायपुर में अपराधों पर पुलिस की कार्रवाई, चोरी-धोखाधड़ी से लेकर नशीले पदार्थ और चाकू जब्ती तक कई मामले दर्ज

केबल जलाकर निकालते थे तांबा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी की गई केबल को जलाकर उसमें से तांबा निकाला जाता था। इसके बाद निकाले गए तांबे को तिल्दा के कबाड़ी के पास बेचने की बात सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तिल्दा में दबिश देकर चोरी का माल खरीदने के आरोप में कबाड़ी हीरानंद आहूजा को भी गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जला हुआ तांबा/केबल वायर, एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 क्यूवाई 9409, टॉर्च, प्लास, पेचकस, हथौड़ी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 32 हजार 700 रुपये बताई गई है।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
पुलिस ने मामले में रामचंद देवांगन (37), निवासी तिल्दा, डहरीलाल टंडन (42), निवासी खमतराई, रामप्रसाद मरावी (35), निवासी बीरगांव और हीरानंद आहूजा (31), निवासी भैरवगढ़ तिल्दा को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(ए), 317(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।