तालाब में मिला लापता युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Follow Us

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम लोखंडी स्थित नैया तालाब में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान लोखंडी निवासी प्रकाश केंवट (27) के रूप में हुई, जो पिछले दो दिनों से लापता था। प्रकाश रोजी-मजदूरी का काम करता था और गुरुवार को काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह तालाब में शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां पहचान होते ही घर में मातम छा गया। मृतक के भाई संतोष केंवट ने हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल सकरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।