साहिबगंज/बर्दवान। पश्चिम बंगाल STF और पुलिस की विशेष टीम (SIT) ने जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल की करीबी महिला मित्र (अर्पिता सरकार) को झारखंड के साहिबगंज (बरहड़वा) से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में युवती ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि, पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी और उसके विदेशी हैंडलर्स दिल्ली में बड़े आतंकी हमले और वीआईपी हस्तियों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। स्नातक की छात्रा अर्पिता की हमीम मंडल से करीब 4 साल पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी।
उसने बताया कि उसने हमीम को पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर भारत विरोधी गतिविधियों के बारे में बात करते सुना था। बर्दवान पुलिस स्टेशन में 31 जुलाई को पाकिस्तानी हैंडलर्स, आईएसआई एजेंट्स और स्थानीय गुर्गों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र, हथियारों की तस्करी, जासूसी और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की साजिश के तहत केस दर्ज किया गया था। इस खुलासे के बाद बंगाल पुलिस आरोपी युवती को आगे की पूछताछ के लिए बर्दवान ले गई है, ताकि इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचा जा सके।
