बस्तर। बारिश के मौसम में पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस्तर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मानसून के दौरान लगातार बारिश, जलभराव, उफनते नालों और भूस्खलन की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। यह प्रतिबंध 1 अक्टूबर तक लागू रहेगा। उद्यान प्रबंधन के अनुसार बरसात के समय जंगल क्षेत्र में आवाजाही जोखिम भरी हो जाती है। कई मार्गों पर फिसलन बढ़ जाती है और पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा बना रहता है। ऐसे हालात में किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
प्रशासन ने बताया कि, बंद अवधि में कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के अधिकांश हिस्सों में पर्यटन गतिविधियां संचालित नहीं होंगी। वहीं प्रसिद्ध कोटमसर गुफा में भी पर्यटकों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि पर्यटक तीरथगढ़ जलप्रपात का आनंद ले सकेंगे। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान अपनी प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों, जैव विविधता और ऐतिहासिक गुफाओं के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें।
