रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के CG VSK ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों पर जिला शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बेमेतरा ने शासकीय प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के संस्था प्रमुखों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है। नोटिस में ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों से जवाब मांगा गया है।

जिला शिक्षा विभाग के अनुसार, बेमेतरा जिले के चारों विकासखंड बेमेतरा, बेरला, नवागढ़ और साजा में कुल 4,472 शिक्षक पंजीकृत हैं। इनमें से केवल 56.82 प्रतिशत शिक्षकों ने CG VSK ऐप पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जारी आंकड़ों के अनुसार, 659 शिक्षक अब तक ऐप में रजिस्टर्ड नहीं हैं, जबकि 2,874 शिक्षकों ने उपस्थिति दर्ज कराई और 1,598 शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा जिले में 1,308 शिक्षक इनएक्टिव श्रेणी में हैं, जिसके चलते जिले की रैंकिंग राज्य स्तर पर 29वें स्थान पर पहुंच गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संस्था प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर निर्धारित समय में कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सभी शिक्षकों को नियमित रूप से CG VSK ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। शिक्षा विभाग का कहना है कि ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
