रेलवे में नई सुविधा: अब टिकट बुकिंग के साथ ऑनलाइन कर सकेंगे अतिरिक्त सामान की बुकिंग

Follow Us

बिलासपुर। रेल यात्रियों के लिए रेलवे ने नई सुविधा शुरू की है। अब यात्रियों को निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने के लिए अलग से पार्सल कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। रेलवे बोर्ड की नई व्यवस्था के तहत 31 जुलाई से टिकट बुकिंग के साथ ही अतिरिक्त सामान की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी गई है।

नई व्यवस्था के अनुसार यात्री आईआरसीटीसी पोर्टल या रेलवे के पार्सल पोर्टल पर टिकट बुक करते समय या बाद में अतिरिक्त सामान का विवरण दर्ज कर निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। यह सुविधा फिलहाल केवल कन्फर्म आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी।

रेलवे के अनुसार एसी फर्स्ट क्लास, एसी टू टियर, फर्स्ट क्लास, स्लीपर और सेकेंड क्लास के यात्री इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। वहीं एसी थ्री टियर, एसी थ्री इकोनॉमी और एसी चेयर कार के यात्रियों को यह सुविधा नहीं मिलेगी, क्योंकि इन श्रेणियों में सामान की निशुल्क सीमा और अधिकतम सीमा 40 किलोग्राम निर्धारित है।

रेलवे ने अलग-अलग श्रेणियों के लिए सामान की सीमा तय की है। एसी फर्स्ट क्लास में 70 किलोग्राम तक सामान निशुल्क और अधिकतम 150 किलोग्राम, एसी टू टियर व फर्स्ट क्लास में 50 किलोग्राम निशुल्क और अधिकतम 100 किलोग्राम, स्लीपर में 40 किलोग्राम निशुल्क और अधिकतम 80 किलोग्राम तथा सेकेंड क्लास में 35 किलोग्राम निशुल्क और अधिकतम 70 किलोग्राम सामान ले जाने की अनुमति होगी।

निशुल्क सीमा से अधिक सामान ले जाने पर यात्रियों को निर्धारित शुल्क देना होगा। अतिरिक्त सामान की ऑनलाइन बुकिंग का न्यूनतम शुल्क 30 रुपये रखा गया है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले सामान की सीमा और नियमों की जानकारी लेकर ही बुकिंग करें, ताकि सफर के दौरान परेशानी से बचा जा सके।