बस्तर। जगदलपुर स्थित ज्ञानगुड़ी संस्था अब नीट, नर्सिंग और पीएटी के साथ-साथ एसएससी, छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल और रेलवे भर्ती परीक्षाओं की भी नि:शुल्क तैयारी कराएगी। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर संस्था के दायरे का विस्तार किया गया है, ताकि स्थानीय युवाओं को विभिन्न सरकारी नौकरियों की तैयारी के बेहतर अवसर मिल सकें।
इस पहल के तहत ग्रेजुएशन स्तर के विद्यार्थियों के चयन के लिए जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जगदलपुर में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। 120 सीटों के लिए आयोजित परीक्षा में 179 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा के सफल संचालन की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने प्राचार्य रामकुमार बघेल और ज्ञानगुड़ी प्रभारी अलेक्जेंडर एम. चेरियन को सौंपी थी।
जिला प्रशासन का मानना है कि ज्ञानगुड़ी के विस्तार से विशेषकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का अवसर मिलेगा, जिससे उनके रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले ज्ञानगुड़ी के 47 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर संस्था की उपलब्धि को नई पहचान दिलाई थी।
