राज्यपाल डेका और CM साय ने किया ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ

Follow Us

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का राज्य स्तरीय शुभारंभ रविवार को राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन और युवा संगठनों के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की गई।

लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन और अन्य संस्थाओं के सहयोग से जागरूकता रैली, शपथ कार्यक्रम, पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सोशल मीडिया अभियान जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।